भोपाल: मध्यप्रदेश जेल विभाग में लंबे समय बाद बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। विभाग द्वारा जारी तबादला सूची में प्रदेश की प्रमुख केंद्रीय जेलों के अधीक्षकों को बदला गया है, जबकि 20 डिप्टी जेलरों के भी स्थानांतरण किए गए हैं। हाल के दिनों में विवादों और सुरक्षा चूक के कारण चर्चा में रही जेलों के अधिकारियों पर भी कार्रवाई की गई है।
नई व्यवस्था के तहत मानवेन्द्र सिंह परिहार को भोपाल सेंट्रल जेल का नया अधीक्षक बनाया गया है, जबकि दिनेश नरगावे को इंदौर सेंट्रल जेल की कमान सौंपी गई है। इंदौर की वर्तमान जेल अधीक्षक अलका सोनकर को हटाकर जेल मुख्यालय भोपाल अटैच कर दिया गया है।
ग्वालियर सेंट्रल जेल में ड्रग्स तस्करी और वायरल वीडियो मामले के बाद विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए जेल अधीक्षक विदित सरवैया को वहां से हटा दिया है। उन्हें शिवपुरी जिला जेल भेजा गया है। उनकी जगह राकेश भांगरे को ग्वालियर सेंट्रल जेल का नया अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
वहीं, गोहद उपजेल से पॉक्सो एक्ट के बंदी के फरार होने की घटना के बाद डिप्टी जेलर हेम सरिता मिंज को भी हटाकर ग्वालियर सेंट्रल जेल भेज दिया गया है। वे पिछले नौ वर्षों से गोहद उपजेल में पदस्थ थीं।
जेल मुख्यालय का कहना है कि यह फेरबदल प्रशासनिक मजबूती, सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और जेलों में जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में विभाग में और भी सख्त प्रशासनिक फैसले देखने को मिल सकते हैं।
Comments (0)