मुस्लिम युवती शाबिया ने सीता बन संजय के साथ किया विवाह, अपनाया वैदिक सनातन धर्म

Subhash Kumar.
फतेहपुर. उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से शाबिया नामक मुस्लिम युवती द्वारा हिंदू युवक के साथ विवाह करके सनातन धर्म अपनाने का मामला सामने आया है। फतेहपुर जिले के गाजीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नरतौली निवासी शाबिया ने दिन बुधवार को ताम्बेश्वर मंदिर में संजय नामक सनातनी युवक के साथ सात फेरे लेकर सनातन वैदिक धर्म के सभी रीति रिवाजों के अनुसार विवाह कर लिया है। दोनों का विवाह कराने के लिए बजरंग दल के कार्यकर्ता पहुंचे हुए थे। विवाह उपरांत शाबिया ने कहा कि जीवन उसका है और उसे इसका निर्णय लेने का अधिकार भी है। उसने बिना किसी दबाव में संजय से विवाह किया है।
दरअसल नरतौली में रहने वाली शाबिया और सोनवर्षा गांव के रहने वाले संजय से स्कूल जाते समय मुलाकात हुई थी और तब से ही दोनों एक दूसरे से प्रेम करते थे। दोनों के प्रेम संबंधों के विषय में घर वालों को पता चल गया। बुधवार के दिन शाबिया और संजय विवाह करने के लिए न्यायालय में पहुंचे हुए थे, इसी दौरान शाबिया के घर वालों को भनक लग गई और वे लोग न्यायालय पहुंच गए एवं वहां हंगामा करने लगे। हालांकि तब तक राजीनामा लिखा जा चुका था। वहां पर बहुत अधिक विवाद हुआ। मामले की जानकारी हिंदू संगठन को लगने पर उन्होंने गुरुवार के दिन ताम्बेश्वेर महादेव मंदिर में दोनों का विवाह संपन्न करा दिया और ₹10,000 का एक चेक भी दिया है।

साभार गूगल
बजरंग दल के जिला सह संयोजक धर्मेंद्र सिंह ने संगठन के अन्य पदाधिकारियों के साथ मिलकर दोनों को आशीर्वाद देते हुए ₹10,000 का चेक दिया और भविष्य में भी हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया है। विवाह के पूर्व शाबिया ने भगवान महादेव की पूरे विधि विधान से पूजा अर्चना की और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सनातन धर्म अपनाते हुए अपना नाम शाबिया से सीता कर लिया है। दोनों नव दंपत्ति विवाह उपरांत भगवान शिव का आशीर्वाद लेने के तुरंत बाद ही दिल्ली चले गए।