भिंड के स्कूल में मचा हड़कंप, दीवारों से निकले सांप और अंडों का ढेर

भिंड के स्कूल में मचा हड़कंप, दीवारों से निकले सांप और अंडों का ढेर

भिंड। (इमरान अली खान की रिपोर्ट): मध्यप्रदेश के भिंड जिले के गोरमी थाना क्षेत्र के ग्राम मानहड़ के शासकीय माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को ऐसा घटनाक्रम हुआ जिसने बच्चों से लेकर पूरे गांव को दहला दिया।

कक्षाओं में पढ़ाई चल रही थी तभी अचानक फर्श पर एक सांप निकल आया। बच्चों की चीखें गूंजीं तो शिक्षक तुरंत सभी को सुरक्षित बाहर ले आए।

ईंटों के नीचे मिला अंडों का गुच्छा

स्कूल भवन की तलाशी शुरू हुई तो असली खौफनाक मंजर सामने आया। दीवार के किनारे ईंट हटाते ही सांपों के अंडों का बड़ा ढेर और कई जिंदा सांप दिखाई दिए। घबराए ग्रामीणों ने डंडे–पत्थरों से हमला कर 10 सांपों को मार डाला।

सर्प मित्र ने बचाई जान

घटना की सूचना मिलते ही सर्प मित्र जग्गू परिहार मौके पर पहुंचे। उन्होंने एक जीवित सांप को पकड़कर सुरक्षित जंगल में छोड़ा और करीब 30 अंडों को भी वहीं दबाकर नष्ट किया।

सुबह से दिख रहे थे सांप

गांववालों के मुताबिक सुबह से ही परिसर में इधर-उधर सांप नजर आ रहे थे, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। स्थिति तब गंभीर हुई जब दीवार की दरार में अंडों का गुच्छा मिला। इसके बाद बच्चों की छुट्टी कर दी गई और स्कूल के आसपास सन्नाटा फैल गया।

35 मिनट चला ऑपरेशन

करीब आधे घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान में परिहार ने बताया कि पकड़ा गया सांप घोड़ा पछाड़ प्रजाति का था। उन्होंने वहां मौजूद बिच्छुओं और छोटे जीवों को भी पकड़कर जंगल में छोड़ दिया।

CATEGORIES

COMMENTS

Disqus ( )