चिरूला चेकपोस्ट पर धंधा उजागर: ट्रक चालकों से खुलेआम अवैध वसूली, वीडियो वायरल

चिरूला चेकपोस्ट पर धंधा उजागर: ट्रक चालकों से खुलेआम अवैध वसूली, वीडियो वायरल

दतिया। (शाहिद कुरेशी की रिपोर्ट): उत्तर प्रदेश–मध्यप्रदेश की सीमा पर दतिया-झांसी हाइवे स्थित चिरूला आरटीओ चेकपोस्ट पर अवैध वसूली का खेल उजागर हुआ है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बताया जा रहा है कि यह वीडियो 6 सितंबर 2025 का है। इसमें साफ दिखाई दे रहा है कि आरटीओ चेकपोस्ट पर तैनात आरक्षक और उनके साथ मौजूद प्राइवेट गुर्गे ट्रक चालकों से खुलेआम पैसों की मांग कर रहे हैं। विरोध करने पर ट्रक चालकों को डराने–धमकाने की कोशिश भी की गई, हालांकि एक चालक के कड़े विरोध के बाद उसे जाने दिया गया।

ट्रक चालकों का कहना है कि इस तरह की अवैध वसूली से उन्हें भारी आर्थिक और मानसिक परेशानी झेलनी पड़ती है। चालक संगठनों ने आरोप लगाया है कि चिरूला ही नहीं, बल्कि सिकंदरा बैरियर और दतिया नगर क्षेत्र में भी बाहर से आने वाले वाहनों से इसी तरह अवैध वसूली की जाती है।

ट्रांसपोर्ट संचालक विनोद भट्ट ने कहा कि यह भ्रष्टाचार लंबे समय से जारी है। “यह सिर्फ चिरूला की बात नहीं है। सिकंदरा बैरियर पर भी वसूली होती है। लोकल वाहनों को छोड़कर बाहर से आने वाले ट्रकों से जबरन पैसे वसूले जाते हैं। विभाग अपने आरक्षकों और प्राइवेट लोगों के जरिए इस गोरखधंधे को चला रहा है, जिस पर तत्काल रोक लगनी चाहिए।”

ट्रक चालक संगठनों ने शासन–प्रशासन से मांग की है कि चिरूला चेकपोस्ट पर चल रही इस अवैध वसूली की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

CATEGORIES

COMMENTS

Disqus (0 )