दतिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई: आत्महत्या प्रकरण में पति, सास और भाभी गिरफ्तार

दतिया। (शाहिद कुरेशी की रिपोर्ट): थाना उनाव पुलिस ने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 18 अगस्त को ग्राम सेरसा निवासी भारती कुशवाहा की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई थी। घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार शिवहरे के निर्देशन तथा एसडीओपी भांडेर पूनम चन्द्र यादव के मार्गदर्शन में थाना उनाव पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्यवाही की तथा मृतका का पीएम कराया। पीएम रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ कि मृतका की मृत्यु कीटनाशक सेवन से हुई थी।
मृतका के परिजनों ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि भारती कुशवाहा को उसके पति सुरेंद्र सिंह कुशवाहा, सास चिरोंजी कुशवाहा तथा भाभी आरती कुशवाहा द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जाता था। उसे घर से निकालने की धमकी दी जाती थी, जिसके कारण वह मानसिक तनाव में रहती थी। इसी प्रताड़ना के चलते मृतका ने कीटनाशक सेवन कर आत्महत्या कर ली।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना उनाव पुलिस ने मर्ग जांच उपरांत अपराध दर्ज कर आरोपियों—सुरेंद्र सिंह कुशवाहा, चिरोंजी कुशवाहा और आरती कुशवाहा, निवासी ग्राम सेरसा—को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक धवल सिंह चौहान, सहायक उपनिरीक्षक नीरज सिंह विमल, आरक्षक भूपेंद्र गौर, प्रधान आरक्षक आदित्य शर्मा एवं प्रधान आरक्षक मुकेश सगर की सराहनीय भूमिका रही।
