भिण्ड: राष्ट्रगान की गूंज और गीता वाचन के साथ 2 मिनट राष्ट्र के नाम अभियान ने पूरे किए 1 साल

भिण्ड। (इमरान अली खान की रिपोर्ट): हम फाउंडेशन जिला भिण्ड की चारों शाखाओं द्वारा “2 मिनट राष्ट्र के नाम और राष्ट्र का करें सम्मान” अभियान के तहत रविवार को गौरी सरोवर स्थित शनिदेव मंदिर के पास बने राष्ट्रगान पार्क में जन-गण-मन का सामूहिक गायन किया गया। इस अवसर पर गीता स्वाध्याय पाठ का भी आयोजन हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान के उत्साहपूर्ण सामूहिक गायन से हुआ। गीता स्वाध्याय मंडल भिण्ड के प्रभारी विष्णु कुमार शर्मा ने गीता स्वाध्याय पत्रक का वाचन कर भगवान श्रीकृष्ण के उपदेशों को सभी के सामने रखा।
इस मौके पर हम फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष प्रो. इकबाल अली ने कहा कि राष्ट्रगान का गायन देशभक्ति और गर्व की गहरी भावना जगाता है। उन्होंने संगठन को बधाई देते हुए कहा कि हर माह के प्रथम रविवार को होने वाला यह आयोजन सराहनीय है। उन्होंने गीता के सप्तम अध्याय का श्लोक उद्धृत करते हुए भगवान श्रीकृष्ण के संदेश को उपस्थित लोगों के समक्ष रखा।
पुलिस आरक्षक रामकुमार पांडे ने कहा कि राष्ट्रगान का गायन राष्ट्र की पहचान और इतिहास, संस्कृति तथा संघर्ष का प्रतीक है। इसे गाना देश के प्रति सम्मान और प्रेम का प्रतीक है। वहीं प्रांतीय वित्त मंत्री शैलेश सक्सेना ने बताया कि 6 अक्टूबर 2024 से प्रारंभ यह अभियान आज एक वर्ष पूर्ण कर चुका है और यह सामूहिक गायन आगे भी निरंतर चलता रहेगा।
कार्यक्रम का संचालन अरविंद सिंह भदौरिया एवं आभार शिवम श्रीवास्तव ने व्यक्त किया।
अंत में पुलिस आरक्षक रामकुमार पांडे और गीता स्वाध्याय मंडल प्रभारी विष्णु कुमार शर्मा को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। साथ ही सामाजिक पत्रकारिता में योगदान देने पर पुष्पांजलि टुडे ब्यूरो प्रमुख इमरान अली खान जी को सम्मानित किया गया।
