भिण्ड में हर्षोल्लास से मनाई गई ईद मिलादुन्नबी, मक्का शरीफ का अक्स बनाकर कराई गई ज़ियारत

भिण्ड में हर्षोल्लास से मनाई गई ईद मिलादुन्नबी, मक्का शरीफ का अक्स बनाकर कराई गई ज़ियारत

भिण्ड। (इमरान अली खान की रिपोर्ट): नबी करीम हज़रत मोहम्मद सल्लल्लाहो अलैहे वसल्लम का जन्मोत्सव ईद मिलादुन्नबी मुस्लिम समाज द्वारा बड़े ही हर्षोल्लास और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर के विभिन्न मोहल्लों से मौला अली के झंडे निकाले गए और नबी की यौमे पैदाइश पर मस्जिदों में नमाज़, नात-ख्वानी और महफ़िलों का आयोजन हुआ। रात में मोहल्लों और मस्जिदों को रोशनी से सजाया गया।

जुमा की नमाज़ अदा करने के बाद सभी मोहल्लों के लोग नयापुरा पानी की टंकी पर एकत्र हुए। यहाँ पर हर वर्ष की भांति जुलूस कमेटी द्वारा खलीफ़ाओं को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शहर विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह मुख्य मंचासीन रहे। शहर काजी इरफान नवी ने विधायक का पगड़ी पहनाकर सम्मान किया, वहीं जुमा मस्जिद के इमाम मो. मोनीश हाशमी का स्वागत अंजुमन सदर अनवर खान ने किया। इसके अलावा रामौतार सिंह कुशवाह चच्चू, विष्णु कुशवाह और फुरकान काजी का इस्तकबाल शहीद राईन ने किया।

मंच से संबोधित करते हुए विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह ने कहा कि “हज़रत मोहम्मद साहब की खुशियाँ पूरे जहान में मनाई जा रही हैं। उन्होंने हमें भाईचारे, यतीमों और मज़लूमों की मदद का पैग़ाम दिया। मुस्लिम समाज ने इस पर्व में हमें शामिल कर सम्मान दिया है, इसके लिए हम समाज का आभार व्यक्त करते हैं।”

नयापुरा पानी की टंकी से जुलूस-ए-मोहम्मदी बैंड-बाजों और क़व्वालियों के साथ निकाला गया, जो शहर के प्रमुख मार्गों – वनखंडेश्वर रोड, माधोगंज हाट, किला रोड, हनुमान बज़ारिया, गोल मार्किट से कृष्णा टॉकीज मार्ग होते हुए पुनः नयापुरा पानी की टंकी पर आकर संपन्न हुआ।

जुलूस के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर कोतवाली थाना प्रभारी बृजेंद्र सिंह सेंगर और देहात थाना प्रभारी मुकेश शाक्य पुलिस बल के साथ हर प्रमुख स्थान पर तैनात रहे।

जुलूस कमेटी के सदस्य रहे शामिल
राजू, अरशद अहमद, फिरोज मोहम्मद, अकरम अहमद, अशद अहमद, आमिर अहमद, आसिफ, सलमान, सोहेल, मुज्जिम अली, इकरार, नफ़ीस समेत कई समिति सदस्य उपस्थित रहे।

CATEGORIES

COMMENTS

Disqus ( )