भिण्ड कांग्रेस का हल्ला बोल: जीतू पटवारी पर हमले के विरोध में सौंपा ज्ञापन, नशे के कारोबार पर कार्रवाई की मांग

भिण्ड। (इमरान अली खान की रिपोर्ट): प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पर हुए हमले के विरोध में भिण्ड जिला कांग्रेस कमेटी ने पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश के नाम ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन एसपी भिण्ड के प्रतिनिधि सीएसपी निरंजन राजपूत को दिया गया। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह भदोरिया ‘पिंकी’ और ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष रामशेष बघेल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि 31 अगस्त को रतलाम प्रवास के दौरान अज्ञात लोगों ने हिंसक माहौल बनाकर पटवारी पर जानलेवा हमला किया। इससे पहले भी उन पर कई बार हमले हो चुके हैं, लेकिन सरकार उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं दिख रही।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश लगातार नशे का गढ़ बनता जा रहा है। नशे के कारोबार से जुड़ी करोड़ों की सामग्री पकड़ी जा रही है और कई आरोपी भाजपा नेताओं से संबंध रखते हैं, जिनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। राजनीतिक संरक्षण मिलने से ही अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और वे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पर हमला करने का दुस्साहस कर रहे हैं।
कांग्रेस ने मांग की है कि जीतू पटवारी को पर्याप्त सुरक्षा प्रदान की जाए और प्रदेश में नशे के कारोबार को समाप्त करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
ज्ञापन सौंपने वालों में शहर जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह भदोरिया पिंकी, ग्रामीण जिला अध्यक्ष रामशेष बघेल, डॉ. राधेश्याम शर्मा, राहुल भदोरिया, प्रमोद चौधरी, मनोज दैपुरिया, बाबा भगवान दास सेठिया, संतोष त्रिपाठी, रेखा भदोरिया, संदीप मिश्रा, गजेंद्र सिंह भदोरिया, विवेक पचौरी, चेतन शर्मा, दीपक शर्मा, पार्षद अनिल भारद्वाज, शीशुपाल भदोरिया, महेश जाटव, केदार कौशल, शैलेंद्र भदोरिया, वीरेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
