भिण्ड कलेक्टर सख्त: उर्वरक उपलब्धता होगी प्रतिदिन सार्वजनिक, दो विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित

भिण्ड कलेक्टर सख्त: उर्वरक उपलब्धता होगी प्रतिदिन सार्वजनिक, दो विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित

भिण्ड। (इमरान अली खान की रिपोर्ट): जिले में खाद की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था को लेकर कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्टर कक्ष में भारतीय किसान संघ की बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह नरवरिया, सीईओ जिला पंचायत सुनील दुबे, अपर कलेक्टर एल.के. पाण्डेय, किसान संघ के पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर श्रीवास्तव ने जिले में उपलब्ध उर्वरकों की जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में यूरिया 5900 एमटी, डीएपी 3854 एमटी, एनपीकेएस 4538 एमटी तथा एसएसपी 3862 एमटी उपलब्ध है। बैठक में समितिवार एवं निजी विक्रेताओं के पास उपलब्ध यूरिया और डीएपी का ब्योरा भी साझा किया गया।

उन्होंने निर्देश दिए कि अधिक यूरिया स्टॉक रखने वाले नगरीय क्षेत्रों के निजी विक्रेता शासकीय नगद विक्रय केन्द्रों पर बैठकर किसानों को खाद विक्रय करें। साथ ही सभी समितियों एवं निजी विक्रेताओं की उर्वरक उपलब्धता की जानकारी प्रतिदिन सार्वजनिक की जाए।

बैठक में यह भी सामने आया कि जिले के दो निजी विक्रेता – बंसल खाद भंडार (यूरिया 30 एमटी) एवं जय गुरुदेव खाद भंडार (यूरिया 38.88 एमटी) – द्वारा अपनी रिटेलर आईडी में पूरा पता और विकासखण्ड का नाम दर्ज नहीं कराया गया है। इसके अलावा पर्याप्त स्टॉक होने के बावजूद किसानों को पीओएस मशीन से विक्रय भी नहीं किया जा रहा था। इस लापरवाही पर उप संचालक कृषि भिण्ड द्वारा दोनों विक्रेताओं की उर्वरक विक्रय अनुज्ञप्ति निलंबित कर दी गई।

CATEGORIES

COMMENTS

Disqus ( )