कलेक्टर-एसपी का सोनागिर दौरा: स्वच्छता, सुरक्षा और सुविधाओं में सुधार के निर्देश

दतिया। (शाहिद कुरेशी की रिपोर्ट): दतिया कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े और पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा ने बुधवार को ग्राम पंचायत सोनागिर पहुंचकर प्रसिद्ध सोनागिर जैन मंदिर का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। सोनागिर ट्रस्ट समिति ने अधिकारियों का स्वागत किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर वानखड़े ने कहा कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने साफ-सफाई और सुगम व्यवस्थाओं पर विशेष जोर देते हुए कहा कि मंदिर परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे, साथ ही गंदगी फैलाने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा।
कलेक्टर ने गांव की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के साथ-साथ निराश्रित पशुओं को गौशाला में रखने और उनके गोबर से बायोगैस प्लांट स्थापित करने का सुझाव दिया, जिस पर ट्रस्ट और प्रशासन के बीच सहमति बनी। इसके अलावा उन्होंने मंदिर के मुख्य द्वार से 100 मीटर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त करने और वेंडरों के लिए उचित स्थान चिन्हित करने के निर्देश दिए।
सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सौर ऊर्जा प्लांट के लिए भूमि चिन्हांकन, तालाब के सौंदर्यीकरण और संरक्षण, बिजली कटौती की समस्या का समाधान, और नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने ग्राम पंचायत को नाली निर्माण, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था और कचरा निस्तारण के लिए वाहन उपलब्ध कराने की बात भी कही।
उन्होंने “सोनागिर समन्वय समिति” के गठन की घोषणा की, जिसमें प्रशासन और ट्रस्ट समिति के प्रतिनिधि शामिल रहेंगे और हर तीन माह में बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे।
पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा ने कहा कि पुलिस प्रशासन भी किसी भी समस्या के समाधान में सदैव सहयोग के लिए तैयार रहेगा। कलेक्टर और एसपी ने अंत में सोनागिर ट्रस्ट समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “प्रशासन और ट्रस्ट मिलकर सोनागिर को स्वच्छ, व्यवस्थित और पर्यटक-अनुकूल बनाएंगे।”
