सेंवढ़ा में ठाकुर श्री नंद नंदनजू का भव्य जल बिहार, भक्तिभाव में डूबा पूरा नगर

दतिया। (शाहिद कुरेशी की रिपोर्ट): सेंवढ़ा नगर के प्राचीन कन्हरगढ़ दुर्ग (सेंवढ़ा किला) में विराजमान ठाकुर श्री नंद नंदनजू बुधवार को डोल ग्यारस पर्व पर पारंपरिक जल बिहार के लिए नगर भ्रमण पर निकले।
दतिया रियासत की राजपरंपरा के तहत महाराजा अरुणादित्य देव और महाराज कुमार घनश्याम सिंह जूदेव ने ठाकुर श्री नंद नंदनजू के डोल को कंधा देकर नगर भ्रमण की शुरुआत की। किला मैदान में नगर के अन्य मंदिरों के डोल भी एकत्रित हुए, जिसके बाद शोभायात्रा मुख्य बाजार और हनुमान चौराहा होते हुए सिंध नदी के पवित्र सनकुआं धाम पहुंची।
पवित्र जलधारा में ठाकुर जी ने जल बिहार किया। इस दौरान नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा की और भक्तिभाव से आरती उतारी। नगर भ्रमण के दौरान महाराजा अरुणादित्य देव और कुमार घनश्याम सिंह ने पैदल चलकर नागरिकों का अभिवादन किया, जिससे भक्तों में उत्साह और भक्ति का माहौल बना रहा।
इस पारंपरिक धार्मिक उत्सव में श्री जयवेंद्र सिंह परिहार, जयेंद्र सिंह सेंगर, पूर्व पार्षद राजेंद्र नोनेरिया, पूर्व पार्षद नरेंद्र गांधी, देशराज कुशवाहा, राजकुमार श्रीवास्तव, धीरज गांधी, रवि राजपूत, संतोष चौबे, जितेंद्र सिंह पठारी, नोमी सिंह कमरिया, शिवम कमरिया, यश राजा, नवनीत महंत, ओमजी गुर्जर, कमलेश प्रजापति, राजू विदुआ सहित बड़ी संख्या में भक्तजन शामिल हुए।
