दतिया में बड़ा प्रशासनिक फैसला: बिना अनुमति अब नहीं होगा कोई धरना, रैली या प्रदर्शन

दतिया (शाहिद कुरेशी की रिपोर्ट): कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े ने जिले में कानून-व्यवस्था और जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए बड़ा निर्णय लिया है। अब जिले में कोई भी व्यक्ति, संगठन या संस्था बिना पूर्व प्रशासनिक अनुमति के धरना, प्रदर्शन, रैली, नारेबाज़ी या ज्ञापन जैसे कार्यक्रम आयोजित नहीं कर सकेगा।
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि नियम का उल्लंघन करने पर संबंधित व्यक्ति या संगठन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें दंड का प्रावधान भी रहेगा।
प्रशासन का कहना है कि अनियंत्रित धरना-प्रदर्शन और रैलियों से अक्सर जनजीवन बाधित होता है, यातायात प्रभावित होता है और कानून-व्यवस्था बिगड़ने का खतरा बढ़ जाता है।
अधिकारियों ने आमजन और संगठनों से अपील की है कि वे अपनी बात रखने और लोकतांत्रिक अधिकारों का उपयोग करने के लिए निर्धारित प्रक्रिया का पालन करें।
कलेक्टर ने कहा कि शांति, सौहार्द और अनुशासन ही समाज की असली ताकत है, इसलिए हर आंदोलन या कार्यक्रम लोकतांत्रिक मर्यादाओं के भीतर रहकर ही किया जाना चाहिए।
अब से जिले में किसी भी प्रकार के आंदोलन, सभा या रैली के आयोजन से पहले प्रशासनिक अनुमति लेना अनिवार्य होगा। प्रशासन का यह कदम जिले में कानून-व्यवस्था को मज़बूत करने और आम जनता को असुविधा से बचाने की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है।
