16 घंटे में बड़ा खुलासा: भिंड में पेट्रोल पंप विवाद के बाद गोली चलाने वाले आरोपी दबोचे गए

भिंड. (इमरान अली खान की रिपोर्ट): मध्य प्रदेश के भिंड जिले के थाना बरोही पुलिस ने 16 घंटे के भीतर ही पेट्रोल पंप संचालक पर फायरिंग करने वाले दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद पुलिस ने तुरंत टीम बनाकर इलाके में घेराबंदी की और आरोपियों को दबोच लिया।
क्या है पूरा मामला
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार तड़के करीब 4 बजे तेजनारायण (62), निवासी शिवाजी नगर, अपने बेटे पदम सिंह के साथ पेट्रोल पंप पर मौजूद थे। इसी दौरान तीन लोग मोटरसाइकिल से पेट्रोल भराने पहुंचे। सेल्समैन से पैसे को लेकर कहासुनी हुई, जो विवाद में बदल गई।
थोड़ी देर बाद आरोपी मोनू भदौरिया और कुलदीप भदौरिया फिर से पंप पर आए और गाली-गलौज शुरू कर दी। मना करने पर आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। गोली तेजनारायण के दाहिने हाथ की कलाई में लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद आरोपी फायर करते हुए मौके से फरार हो गए।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही थाना बरोही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने दोनों आरोपियों पर ₹5,000 का इनाम घोषित किया।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों मोनू उर्फ श्रवण कुमार भदौरिया (28 वर्ष) और कुलदीप उर्फ विजय भदौरिया (30 वर्ष), दोनों निवासी बिजपुरी, को लावन तिराहे से गिरफ्तार कर लिया।
जांच जारी
पुलिस ने बताया कि घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद करने और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। वहीं, घायल संचालक का इलाज जारी है।
