इंदरगढ़ में मौत का रहस्य: मिठाई दुकानदार ने क्यों निगला जहर?

दतिया (शाहिद कुरैशी की रिपोर्ट): मध्य प्रदेश के दतिया जिले के इंदरगढ़ कस्बे से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। कस्बे के वार्ड नंबर 8 निवासी 28 वर्षीय मनोहर सिंह, जो शीतला माता मंदिर के पास मिठाई की दुकान चलाता था, ने शनिवार रात सल्फास खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
परिजनों के मुताबिक, शनिवार रात लगभग 8 बजे उसकी पत्नी अपने देवर के साथ इलाज कराकर झांसी से घर लौटी, तो उन्होंने मनोहर की तबीयत को गंभीर हालत में पाया। परिजन तुरंत उसे इंदरगढ़ स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए दतिया जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
दुर्भाग्यवश, इलाज के दौरान देर रात ही मनोहर ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव का पोस्टमॉर्टम कराया।
मनोज अपने पीछे पत्नी और दो मासूम बच्चों को रोता-बिलखता छोड़ गया है। इंदरगढ़ पुलिस आत्महत्या के कारणों की गहन जांच कर रही है, हालांकि अभी तक घटना के पीछे की वजह साफ नहीं हो पाई है।
