हेलमेट नहीं तो गोलियां! भिंड में बदमाशों ने पंप मालिक को किया लहूलुहान, देखें फायरिंग का खतरनाक वीडियो

भिंड। (इमरान अली खान की रिपोर्ट): मध्य प्रदेश के भिंड जिले में आपराधिक वारदातें थमने का नाम नहीं ले रहीं। हाईवे पर बने एक पेट्रोल पंप पर शुक्रवार तड़के हेलमेट न पहनने पर पेट्रोल देने से मना करना पंप संचालक को महंगा पड़ गया। तीन बदमाश बाइक से पहुंचे और संचालक पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पूरी घटना पंप पर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
कैसे हुआ हमला
घटना भिंड-ग्वालियर नेशनल हाईवे-719 पर बरोही क्षेत्र के पास बने पेट्रोल पंप की है। जानकारी के मुताबिक, पंप संचालक तेज नारायण लोधी रात में ड्यूटी पर थे। सुबह करीब 4:30 बजे तीन युवक बाइक से आए और पेट्रोल डलवाने की मांग की। पंप मालिक ने कलेक्टर द्वारा जारी “नो हेलमेट, नो पेट्रोल” नियम का हवाला देते हुए सेवा देने से इनकार कर दिया। इसी बात पर गुस्साए युवकों ने पिस्तौल और बंदूक निकालकर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
पेट और हाथ में लगी गोली
फायरिंग में तेज नारायण लोधी के पेट और हाथ में गोली और छर्रे लगने से गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद स्टाफ ने उन्हें तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही बरोही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हाईवे पर नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
कलेक्टर के आदेश का था पालन
गौरतलब है कि हाल ही में भिंड कलेक्टर संजय श्रीवास्तव ने हाईवे पर बढ़ते हादसों को देखते हुए बिना हेलमेट पेट्रोल न देने का आदेश सभी पंप मालिकों को दिया था। इसी आदेश का पालन करते हुए पंप संचालक ने पेट्रोल देने से इनकार किया, जो उन पर जानलेवा साबित हुआ।
अपराधियों की तलाश में पुलिस
पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
