भिंड विवाद तूल पकड़ता गया: कलेक्टर के अपमान पर IAS एसोसिएशन ने सीएम से की ये बड़ी मांग

भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड जिले में कलेक्टर संजिव श्रीवास्तव और विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह के बीच हुए कथित विवाद ने बड़ा रूप ले लिया है। इस घटना पर आईएएस एसोसिएशन ने कड़ा रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से तुरंत कार्रवाई की मांग की है।
सूत्रों के अनुसार, संघ के प्रतिनिधिमंडल ने सीएम को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि 27 अगस्त 2025 को हुई यह घटना न केवल प्रशासन की गरिमा को ठेस पहुंचाती है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों पर भी सवाल खड़े करती है।
संघ का कहना है कि जिला स्तर पर कलेक्टर सरकार का चेहरा होता है, ऐसे में किसी अधिकारी का अपमान शासन की विश्वसनीयता पर सीधी चोट है। आईएएस अधिकारियों ने चेतावनी दी कि अगर दोषियों पर सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो इसका असर अधिकारियों के मनोबल और निष्पक्ष कामकाज पर पड़ सकता है।
संघ ने तीन प्रमुख मांगें रखी हैं –
दोषियों पर कानूनी कार्रवाई, फील्ड अधिकारियों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश, और जनप्रतिनिधियों व प्रशासन के बीच संवाद का सुरक्षित तंत्र।
एसोसिएशन को भरोसा है कि सरकार इस गंभीर मामले को प्राथमिकता से निपटाएगी और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकेगी।
