दतिया में ड्रामा: बेगुनाही साबित करने टॉवर पर चढ़ गया युवक बोला उस लड़की को बुलाओ, जानिए मामला

दतिया में ड्रामा: बेगुनाही साबित करने टॉवर पर चढ़ गया युवक बोला उस लड़की को बुलाओ, जानिए मामला

दतिया। (शाहिद कुरेशी की रिपोर्ट): मध्य प्रदेश के दतिया जिले में थरेट क्षेत्र में शुक्रवार को हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब एक युवक गुस्से में बीएसएनएल के टॉवर पर चढ़ गया। जानकारी के मुताबिक, 26 अगस्त को थरेट थाना पुलिस ने एक नाबालिग लड़की की गुमशुदगी के मामले में युवक को बहला-फुसलाकर भगाने के संदेही के तौर पर आरोपी बनाया था।

गुरुवार को पुलिस ने लापता नाबालिग को झांसी से बरामद किया। पूछताछ में लड़की ने बताया कि वह पिता की डांट से नाराज होकर घर से निकली थी और अपनी मर्जी से झांसी चली गई थी।

लड़की के बयान से स्पष्ट हो गया कि युवक पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद थे। लेकिन केस में नाम आने से आहत युवक गुस्से में टॉवर पर चढ़ गया और अपनी बेगुनाही की मांग करते हुए लड़की को मौके पर बुलाने की जिद करने लगा।

स्थिति बिगड़ती देख थाना प्रभारी भदौरिया ने मौके पर पहुंचकर युवक को समझाइश दी। गाँव के ही एक युवक से लड़की का बयान पढ़वाया गया और आरोपी को भरोसा दिलाया गया कि उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी। काफी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया।

उल्लेखनीय है कि लड़की के परिजनों ने शक के आधार पर युवक पर लड़की को भगाने का आरोप लगाकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन अब लड़की के बयान से पूरा मामला साफ हो चुका है। पुलिस फिलहाल इस मामले की विवेचना कर रही है।

CATEGORIES

COMMENTS

Disqus ( )