दतिया में 14 करोड़ का सूर्य लोक प्रोजेक्ट ठप, उनाव पहुंचे कलेक्टर वानखड़े ने अफसरों की लगाई क्लास

दतिया। (शाहिद कुरेशी की रिपोर्ट): मध्य प्रदेश के दतिया जिले में 14 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे सूर्य लोक प्रोजेक्ट की धीमी रफ्तार पर अब प्रशासन सख्त हो गया है। सोमवार को कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े और जिला पंचायत सीईओ अक्षय तेम्रवाल ने उनाव पहुंचकर प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मौके पर निर्माण कार्य पूरी तरह बंद मिला। इस पर कलेक्टर वानखड़े ने नाराजगी जताते हुए आरईएस विभाग के ईई, एसडीओ और सब इंजीनियर को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने अधिकारियों से दो टूक कहा— “इतना बड़ा प्रोजेक्ट आखिर कब तक लटकाए रखेंगे? अब काम शुरू करने और तय समय पर पूरा करने की स्पष्ट समयसीमा बतानी होगी।”
करीब दो घंटे तक चले निरीक्षण के दौरान कलेक्टर वानखड़े और सीईओ तेम्रवाल के साथ एसडीएम संतोष तिवारी और टीआई धवल सिंह चौहान भी मौजूद रहे। कलेक्टर ने मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगे से निर्माण कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
