खाद बहाना, रेत निशाना! विधायक कुशवाहा ने कलेक्टर पर तान दिया मुक्का, IPS को भी जड़ चुके हैं थप्पड़?

भिंड। मध्यप्रदेश की राजनीति में अक्सर सुर्खियों में रहने वाले भिंड विधानसभा के विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाहा एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। इस बार मामला इतना बढ़ गया कि कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव के साथ उनकी तीखी बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर धड़ल्ले से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि कुशवाहा खाद वितरण की समस्या को लेकर कलेक्टर आवास के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे, तभी माहौल बिगड़ गया। बहस इतनी बढ़ी कि विधायक ने कलेक्टर की तरफ मुक्का तान दिया, जिसके बाद मौके पर हड़कंप मच गया।
IPS को भी जड़ चुके हैं थप्पड़?
विवादों से विधायक कुशवाहा का रिश्ता नया नहीं है। भिंड की राजनीति में उनकी छवि लंबे समय से ‘दबंग नेता’ की रही है। साल 2012 में उन पर तत्कालीन एएसपी जयदेवन ए को थप्पड़ मारने का आरोप लगा था.. उस समय पुलिस टीम जिले में अवैध शराब की जांच के लिए पहुंची थी, तभी यह विवाद हुआ था। हालांकि विधायक ने IPS को थप्पड़ नहीं मारा था… यह आरोप गलत था..
खाद विवाद या रेत का खेल?
हालिया विवाद की शुरुआत खाद की किल्लत से हुई मानी जा रही है। धरना प्रदर्शन के दौरान जब कलेक्टर मौके पर पहुंचे, तो दोनों के बीच तीखी बहस छिड़ गई। कलेक्टर ने विधायक को औकात में रहने की नसीहत दी, जिसके जवाब में कुशवाहा भड़क गए और बहस हाथापाई की कगार तक पहुंच गई। सूत्रों की मानें तो असली मुद्दा खाद नहीं बल्कि रेत कारोबार है। कलेक्टर ने विधायक के क्षेत्र में रेत माफियाओं पर शिकंजा कसने के लिए दो चेक पोस्ट लगवा दिए हैं, जिससे नाराजगी और बढ़ गई है।
सिर्फ 12वीं पास, लेकिन तीसरी बार विधायक
चुनावी हलफनामे के मुताबिक, नरेंद्र सिंह कुशवाहा की शैक्षणिक योग्यता केवल 12वीं पास है। उन्होंने स्नातक की पढ़ाई शुरू तो की थी लेकिन पूरी नहीं कर पाए। शिक्षा भले ही सीमित रही हो, लेकिन राजनीति में उनका दबदबा काफी मजबूत है। पहली बार 2003, फिर 2013 और अब 2023 में तीसरी बार उन्होंने जीत हासिल की है।
विवादों में हमेशा बने रहते हैं चर्चा का विषय
सूत्रों से मिली जानकारी के अनसार कुशवाह की राजनीतिक शैली हमेशा से आक्रामक रही है। सत्ता में रहते हुए भी वे अपनी ही सरकार के खिलाफ बयानबाजी करने से नहीं कतराते, जिससे कई बार उनकी पार्टी भी असहज हो जाती है।
