दतिया में दिनदहाड़े लूट! खाद वितरण की नगदी लेकर लौट रहे प्रबंधक पर हमला

दतिया में दिनदहाड़े लूट! खाद वितरण की नगदी लेकर लौट रहे प्रबंधक पर हमला

दतिया। (शाहिद कुरेशी की रिपोर्ट): ग्राम हथलई में खाद वितरण के बाद घर लौट रहे सहकारी समिति प्रबंधक पर बुधवार शाम बदमाशों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने प्रबंधक की जमकर पिटाई की और नगदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। बैग में 55 हजार रुपये नगद, वितरण से संबंधित रिकॉर्ड और पीओएस मशीन रखी हुई थी।

घटना बुधवार शाम करीब 5:30 बजे हथलई और सलैया के बीच की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही जिगना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के मुताबिक, जिले में सेवा सहकारी समितियों पर खाद वितरण चल रहा था। बुधवार को हथलई सेवा सहकारी समिति पर भी दिनभर वितरण के बाद प्रबंधक जसवंत सिंह परिहार बाइक से नगदी और दस्तावेज लेकर दतिया लौट रहे थे। रास्ते में बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोककर पत्थरों से हमला किया, जिससे वे घायल हो गए। इसके बाद बदमाश बैग लेकर मौके से फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी रचना माहौर और एसडीओपी विनायक शुक्ला मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

CATEGORIES

COMMENTS

Disqus ( )