दतिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हत्या के प्रयास का आरोपी नाबालिग चढ़ा हत्थे

दतिया। (शाहिद कुरेशी की रिपोर्ट): दतिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार शिवहरे के मार्गदर्शन और एसडीओपी दतिया आकांक्षा जैन के नेतृत्व में चल रहे अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत थाना सिविल लाइन पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी अपचारी बालक को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, 31 मई 2025 को फरियादिया भारती शर्मा पत्नी सौरभ शर्मा, निवासी परदेसीपुरा, दतिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके पति को घर के बाहर गोली मारने की नीयत से हमला किया गया और गाली-गलौज भी की गई। इस मामले में अपराध क्रमांक 179/25, धारा 109(1), 296, 3(5) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
घटना के बाद से ही आरोपी अपचारी फरार था, जिस पर पुलिस ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस टीम ने 27 अगस्त 2025 को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
इस कार्रवाई में थाना सिविल लाइन प्रभारी निरीक्षक सुनील बनोरिया और उनकी टीम की सराहनीय भूमिका रही।
