दतिया में बिजली कंपनी का बड़ा एक्शन: बकायेदारों के घर गार्ड तैनात, कनेक्शन जोड़ने पर होगी FIR”

दतिया। (शाहिद कुरेशी की रिपोर्ट): मध्य प्रदेश के दतिया जिले में बिजली कंपनी का शहर के उपभोक्ताओं पर 100 करोड़ रुपए से अधिक बकाया है। बिजली कंपनी ने बड़े बकायेदारों के कनेक्शन काटने के साथ ही उपभोक्ताओं के घरों पर सेवानिवृत्त आर्मी जवानों की तैनाती भी शुरू कर दी है। सप्ताहभर में बिजली कंपनी ने 280 बिजली कनेक्शन काटे हैं।
इनमें से कुछ उपभोक्ताओं के घरों पर 10 सेवानिवृत्त आर्मी जवानों को वसूली टीम में शामिल किया गया है। साथ ही कुछ जवानों को गार्ड के रूप में उपभोक्ताओं के घर पर तैनात किया गया है। जानकारी के अनुसार, दतिया शहर में बकायेदारों से वसूली करने के लिए एक दर्जन टीमें फील्ड में लगाई गई हैं।
प्रतिदिन एआई के माध्यम से ऑनलाइन बड़े बकायेदारों के नाम कंपनी के दफ्तर पहुँच रहे हैं। इन बड़े बकायेदारों के कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जा रही है। दतिया शहर में उनाव रोड निवासी निकुंज साहू पर 2 लाख 67 हजार रुपए बकाया होने पर कनेक्शन काटा गया, फिर गार्ड की तैनाती की गई। मौके पर धारा 138 का प्रकरण भी दर्ज किया गया।
बिजली कंपनी ने उपभोक्ताओं से वसूली के लिए पूरा जोर लगा दिया है। पूर्व में सैकड़ों उपभोक्ताओं के बैंक खाते सील किए गए, जिसका नतीजा यह हुआ कि वसूली बढ़ना शुरू हो गई। इसके बाद बड़े बकायेदारों को चिन्हित कर उनके शस्त्र लाइसेंस भी निलंबित किए गए। अब तक 50 से अधिक लाइसेंस निलंबित किए जा चुके हैं। बिजली चोरी पकड़ने के लिए रात में वॉचमैन टीम बनाई गई है, जो रात में गश्त कर न केवल कनेक्शन काटती है, बल्कि फोटो खींचकर भी अपलोड करती है।
