MP में रिटायर्ड DSP को पत्नी और बच्चों ने रस्सी से बांधकर क्यों घसीटा, वजह जानकर आप भी हो जाएंगे हैरान!

शिवपुरी। (शाहिद कुरेशी की रिपोर्ट): मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में भौंती थाना क्षेत्र के चंदावनी गांव में रिटायर्ड डीएसपी प्रतिपाल सिंह यादव के साथ चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, पत्नी और दो बेटों ने मिलकर उनके साथ मारपीट की, उन्हें रस्सी से बांधकर घसीटा और एटीएम कार्ड व मोबाइल छीनकर मौके से फरार हो गए।
62 वर्षीय प्रतिपाल सिंह यादव इसी साल 31 मार्च को श्योपुर जिले के महिला सेल से डीएसपी पद से रिटायर हुए थे। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे पिछले 15 सालों से पत्नी और बेटों से अलग रह रहे हैं, जबकि उनकी पत्नी झांसी में दोनों बेटों के साथ रहती है और बेटी गोरखपुर में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही है।
20 अगस्त को पत्नी माया यादव दोनों बेटों आकाश और आभास के साथ गांव आई थी। उन्होंने रिटायरमेंट के पैसों की मांग की, लेकिन जब प्रतिपाल सिंह ने इस पर सवाल उठाया तो तीनों ने जबरन उन्हें झांसी ले जाने की कोशिश की। इस दौरान बेटों ने उनके पैर पकड़ लिए, जबकि पत्नी ने मोबाइल और एटीएम कार्ड छीन लिया। शोर सुनकर पड़ोसी पहुंचे, तब आरोपी मौके से फरार हो गए।
प्रतिपाल सिंह ने बताया कि उन्हें ईपीएफ से 20 लाख रुपए मिल चुके हैं, जबकि करीब 33 लाख रुपए ग्रेच्युटी और अन्य मदों से मिलना बाकी है। उनका कहना है कि वे बेटों का भविष्य खराब नहीं करना चाहते, इसलिए FIR दर्ज नहीं कराई। उन्होंने पहले ही बड़े बेटे को 5 लाख और छोटे बेटे को 15 लाख रुपए देने का वादा किया था, साथ ही बेटी की शादी के लिए पैसे बचाने की योजना भी बनाई थी।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद मामला चर्चा में है।
