मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ का संभागीय सम्मेलन 31 को, भिंड बनेगा पत्रकारिता का केंद्र

भिंड। (इमरान अली खान की रिपोर्ट): मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ भिंड जिला इकाई द्वारा 31 अगस्त को आयोजित होने वाले संभागीय सम्मेलन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। रविवार को संस्कृति मैरिज गार्डन, भिंड में हुई बैठक में सम्मेलन की रूपरेखा और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ का यह सम्मेलन न केवल पत्रकारिता की दिशा तय करेगा, बल्कि सम्मान, संवाद और संगठन की मजबूती का मंच भी बनेगा।
बैठक की अध्यक्षता संभागीय अध्यक्ष साथी सत्येंद्र परमार ने की, आयोजन समिति के संयोजक व संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष तथा चंबल संभाग के प्रभारी साथी राजकुमार दुबे जी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। आगामी सम्मेलन को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए आमंत्रण पत्र, बैनर-होर्डिंग, सम्मान समारोह, मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों के स्वागत पर विचार-विमर्श किया गया।
सम्मान समारोह बनेगा सम्मेलन की विशेष पहचान
इस सम्मेलन के दौरान संगठन की ओर से *“खिजर मोहम्मद कुरैशी स्मृति* पुरस्कार”, *“गोपाल गुप्ता स्मृति* पुरस्कार” और *“जब्बार खान स्मृति* पुरस्कार” की शुरुआत की जाएगी। ये पुरस्कार पत्रकारिता और समाजसेवा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पत्रकारों एवं व्यक्तित्वों को प्रदान किए जाएंगे। संघ ने निर्णय लिया कि यह सम्मान समारोह सम्मेलन की विशेष पहचान बनेगा और पत्रकारिता जगत में नई ऊर्जा व प्रेरणा का संचार करेगा।
ब्लॉक अध्यक्षों की घोषणा
बैठक में संगठनात्मक विस्तार के तहत गोहद ब्लॉक अध्यक्ष के रूप में बेताल सिंह गौर तथा लहार ब्लॉक अध्यक्ष के रूप में शैलेंद्र उर्फ राजू त्रिपाठी की नियुक्ति की गई। मेहगांव भिंड अटेर ब्लॉकों के अध्यक्षों की पहले ही घोषणा की जा चुकी है।
वरिष्ठ पत्रकार और राजनेता होंगे शामिल
संभागीय सम्मेलन में प्रदेशभर से वरिष्ठ पत्रकारों, संगठन पदाधिकारियों और कई प्रबुद्ध राजनेताओं के शामिल होने की संभावना है। सम्मेलन को लेकर पत्रकारों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
संगठन के दिग्गज रहे मौजूद
बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी के संयुक्त सचिव राकेश शर्मा, कार्यकारिणी सदस्य महेश मिश्रा, संभागीय सचिव विक्रम सिंह जादौन, अजय शर्मा, परानिधेश भारद्वाज, भिंड जिला इकाई अध्यक्ष गणेश भारद्वाज, महासचिव असगर खान, कार्यकारी अध्यक्ष भानू श्रीवास्तव सहित कई सक्रिय सदस्य मौजूद रहे। साथ ही अटेर ब्लॉक अध्यक्ष अखिलेश बघेल, सुनील कांकर, हरिओम वर्मा, हसरत अली, इमरान खान, मोहन उर्फ मोनू मांझी, देवेंद्र कुमार जैन, एन. के. भटेले, शिवम चौधरी, रफीक अहमद खान तथा मुरैना से पहुंचे आनंद द्विवेदी ने भी विचार साझा किए और सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।
