ग्वालियर में बकरी चोरों का पर्दाफाश! ईको में आते और मिनटों में उड़ाते थे बकरियां, पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा

ग्वालियर। डबरा पुलिस ने बकरियों की चोरी करने वाले एक गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ईको जैसी गाड़ियों का इस्तेमाल कर रात के समय वारदात को अंजाम देते थे। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से 16 चोरी की बकरियां भी बरामद हुई हैं।
जानकारी के मुताबिक, 16 अगस्त की रात सिमरिया ताल गांव में 3 से 4 नकाबपोश बदमाशों ने कुंदन बघेल के घर में घुसकर उन्हें रस्सी से बांध दिया और उनकी बकरियां लोडिंग गाड़ी में भरकर भाग निकले। घटना की सूचना ग्रामीणों के जरिए पुलिस तक पहुंची, जिसके बाद जांच शुरू की गई।
एसडीओपी सौरभ कुमार के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने डबरा-ग्वालियर हाईवे और पेट्रोल पंपों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में बकरियों से भरी एक गाड़ी दिखाई दी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आंतरी इलाके में गैंग के कुछ सदस्य देखे गए हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आंतरी में दबिश दी और तीन बदमाशों को पकड़ लिया। शुरुआती पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गिरोह डबरा देहात, करहिया, आंतरी और ग्वालियर क्षेत्र में भी बकरियों की चोरी करता रहा है। फिलहाल पुलिस बाकी फरार सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।
एसडीओपी सौरभ कुमार ने बताया कि, “हमने हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए आरोपियों की गाड़ी की पहचान की। कुछ आरोपियों को हिरासत में लिया गया है और चोरी हुई कई बकरियां बरामद की गई हैं। बाकी बदमाशों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।”
