भिंड में खाद का काला खेल! दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से भरी बोरियां जब्त, कलेक्टर ने रंगे हाथ पकड़ा

भिंड। जिले में प्रशासन ने खाद की कालाबाजारी पर बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार दोपहर कलेक्टर संजीन श्रीवास्तव ने निरीक्षण के दौरान दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ा, जिनमें 140 बोरी यूरिया और 40 बोरी एपीएस खाद अवैध रूप से परिवहन की जा रही थीं।
जानकारी के अनुसार, मेहगांव विकासखंड के ज्ञानेन्द्रपुरा गांव के पास ग्वालियर-भिंड हाईवे पर दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियां संदेहास्पद हालात में खड़ी मिलीं। कलेक्टर ने जब दस्तावेज दिखाने को कहा, तो चालक कोई भी कागज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद तत्काल दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त कर लिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही कृषि विभाग के उप संचालक कमल कुमार पांडेय भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
कलेक्टर संजीन श्रीवास्तव ने कहा,
“जिले में खाद की कालाबाजारी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसानों को समय पर और सरल तरीके से खाद उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है।”
स्थानीय किसानों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार अवैध रूप से खाद की बिक्री हो रही है, जिससे उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि कालाबाजारी पर कुछ हद तक लगाम लगेगी।
