गांव के बहादुर बेटे को सिंधिया का तोहफा, नया ट्रैक्टर देकर, जानिए क्यों कहा – अब ये मेरा बेटा भी है

शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के कोलारस विधानसभा क्षेत्र के लिलवारा गांव में रहने वाले बहादुर युवक गिर्राज प्रजापति की हिम्मत को केंद्रीय मंत्री और गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बड़ा सम्मान दिया है। शुक्रवार को सिंधिया ने गिर्राज को नया ट्रैक्टर भेंट कर उनके साहस को सलाम किया।
दरअसल, 29 जुलाई को सिंध नदी में आई भीषण बाढ़ के दौरान पूरा गांव पानी से घिर गया था। ऐसे में गिर्राज ने खतरे की परवाह किए बिना रातभर अपने पुराने ट्रैक्टर–ट्रॉली से ग्रामीणों को सुरक्षित जगह पहुंचाया। राहत कार्य के दौरान उनका ट्रैक्टर खराब हो गया, जिससे परिवार की रोज़मर्रा की आजीविका पर संकट खड़ा हो गया।
बीती रात जब सिंधिया मुआवजा वितरण कार्यक्रम के लिए गांव पहुंचे, तो गिर्राज की मां कृष्णा प्रजापति ने मंच से मदद की गुहार लगाई। मां की बात सुनकर सिंधिया भावुक हो गए और मंच से ही कहा – “गिर्राज अब सिर्फ आपका नहीं, मेरा बेटा भी है। सुबह तक इसे नया ट्रैक्टर मिलेगा।”
अपने वादे के मुताबिक, शुक्रवार सुबह सिंधिया एक बार फिर लिलवारा पहुंचे। वहां नया ट्रैक्टर पहले से खड़ा था। खुद ट्रैक्टर चलाते हुए सिंधिया सभा स्थल तक पहुंचे, फिर गिर्राज को ट्रैक्टर की चाबी सौंपकर उन्हें बैठाकर एक छोटी ड्राइव भी कराई। इस भावुक पल पर गांव में तालियों की गड़गड़ाहट गूंज उठी।
