मुरैना में मिला सोने का भंडार! मंदिर के लिए खोदी जा रही थी जमीन, निकल गया खजाना

मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के सागौरिया गांव में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब हनुमान मंदिर की नींव खुदाई के दौरान जमीन से पुराने चमचमाते सिक्के निकल आए। ग्रामीणों के अनुसार, नींव खोदते समय अचानक फावड़े से धातु जैसी चमक दिखाई दी। मिट्टी हटाने पर करीब दो दर्जन से ज्यादा सिक्के मिले, जिन पर अजीब से निशान उकेरे हुए थे।
खबर फैलते ही गांव में भीड़ उमड़ पड़ी। लोग मौके पर पहुंचकर वीडियो और फोटो बनाने लगे, तो कुछ लोगों ने खुदाई में मदद भी की। कई ग्रामीणों का मानना है कि यह किसी राजा-महाराजा का पुराना खजाना हो सकता है, जो सालों पहले यहां दबा दिया गया था।
जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और सिक्कों को कब्जे में लेकर सील कर दिया। थाना प्रभारी का कहना है कि प्राथमिक जांच में सिक्के सोने जैसे दिख रहे हैं, लेकिन उनकी असलियत लैब रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगी।
पुरातत्व विभाग की टीम ने भी इस घटना पर नजर रखी है और संभावना जताई है कि यह जगह किसी प्राचीन साम्राज्य का हिस्सा रही हो सकती है। फिलहाल गांव में इस रहस्यमयी खजाने की चर्चा जोर पकड़ रही है।
