दतिया में रेत माफियाओं का तांडव: जेसीबी-ट्रैक्टर के साथ पहुँचे, ठेकेदार का 5 लाख का माल कर दिया साफ

दतिया।(शाहिद कुरेशी की रिपोर्ट): रेत माफियाओं ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए सरकारी ठेकेदार की रेत चोरी कर ली। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के प्रस्तावित भांडेर रोड स्थित नवीन जेल परिसर का है।
जानकारी के अनुसार, झांसी निवासी ठेकेदार सौरभ अग्रवाल की कंपनी ट्रेडिंग इंजीनियर्स ने जेल भवन निर्माण के लिए करीब 100 डंपर रेत का स्टॉक रखा था। बीती रात अचानक रेत माफिया जेसीबी और 4–5 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ पहुंचे और करीब 30 ट्रॉली रेत (कीमत लगभग 5 लाख रुपये) चोरी कर ले गए।
सूचना पर जिला माइनिंग अधिकारी प्रदीप भूरिया की अगुवाई में माइनिंग टीम और पुलिस मौके पर पहुँची। कार्रवाई में एक जेसीबी मशीन जब्त की गई, हालांकि आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
स्थानीय सूत्रों का कहना है कि यह रेत लंबे समय से माफियाओं की नजर में थी और मंगलवार रात को उन्होंने बड़े पैमाने पर चोरी को अंजाम दिया।
अब सवाल यही है कि क्या पुलिस इन रेत माफियाओं तक पहुँचेगी, या फिर यह गोरखधंधा यूं ही जारी रहेगा?
