ग्वालियर में लगातार बढ़ रही है शक्ति दीदियों की संख्या, 7 और जरूरतमंद महिलाएँ बनी शक्ति दीदी

ग्वालियर में लगातार बढ़ रही है शक्ति दीदियों की संख्या, 7 और जरूरतमंद महिलाएँ बनी शक्ति दीदी

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में शक्ति दीदियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। शुक्रवार एक अगस्त को 7 और जरूरतमंद महिलाएँ शक्ति दीदी बनाई गईं। इन सभी महिलाओं ने जिले के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर फ्यूल डिलेवरी वर्कर की जिम्मेदारी संभाल ली है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप महिलाओं के सशक्तिकरण और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिये ग्वालियर जिले में “शक्ति दीदी” के नाम से कलेक्टर श्रीमती चौहान ने नवाचार किया है। जिसके तहत जरूरतमंद महिलाओं को फ्यूल डिलेवरी वर्कर के रूप में पेट्रोल पंपों पर नौकरी दिलाकर आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। जिले में कुल मिलाकर अब तक 64 जरूरतमंद महिलायें विभिन्न पेट्रोल पंपों पर शक्ति दीदी के रूप में काम कर रही हैं।

कलेक्टर रुचिका चौहान ने शुक्रवार को इन्द्रप्रस्थ फिलिंग स्टेशन गोले का मंदिर पर छाया, कल्पना भदौरिया व कृष्णा शर्मा को फ्यूल डिलेवरी वर्कर की जिम्मेदारी सौंपी। कलेक्टर श्रीमती चौहान ने शक्ति दीदियों से चर्चा करते हुए कहा कि पूरी लगन और मेहनत के साथ कार्य करें। साथ ही अगर अवकाश पर जाना है तो पेट्रोल पंप संचालक को एक दिन पूर्व सूचित करें, ताकि पंप के संचालन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

इसी तरह सरोज फ्यूल शॉपी विक्की फैक्ट्री तिराहा पर एसडीएम झांसी रोड अतुल सिंह ने पूजा विश्वकर्मा को, सेठ रतिलाल बेचारदास पम्प फूलबाग पर संयुक्त कलेक्टर डी एन सिंह ने आरती को, विवेक ऑटोमोबाइल सांई बाबा मंदिर रोड फूलबाग पर संयुक्त कलेक्टर वंदना जैन ने शिवानी बाथम को एवं रामजानकी फ्यूल गदाईपुरा मुरैना रोड पर एसडीएम अशोक चौहान ने सुश्री नीतू को “शक्ति दीदी” के तहत फ्यूल डिलेवरी वर्कर की जिम्मेदारी सौंपी।

इस अवसर पर कलेक्टर रुचिका चौहान ने पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिए कि शक्ति दीदियों का विशेष ध्यान रखें और उन्हें प्रावधानों के अनुसार मानदेय व सुविधायें प्रदान की जाएं। उन्होंने थाना प्रभारी को भी निर्देश दिए कि जिन पेट्रोल पंप पर शक्ति दीदी तैनात हैं उन पर लगातार गश्त करते रहें। साथ ही एसडीएम, तहसीलदार पुलिस अधिकारी, पेट्रोल पंप संचालक एवं शक्ति दीदियों को शामिल कर एक वॉट्सएप ग्रुप में नई शक्ति दीदियों को जोड़ें।

कलेक्टर ने जिलेवासियों से आह्वान किया है कि वे पेट्रोल पंप पर अपने वाहनों में डीजल पेट्रोल भरवाते समय शक्ति दीदियों के प्रति सम्मान का भाव रखें। साथ ही उनकी हौसला अफजाई भी करें। पेट्रोल पंप पर शक्ति दीदी सुविधाजनक तरीके से काम कर सकें। इसके लिये उनके कार्य का समय प्रात: 9 बजे से सायंकाल 5 बजे तक रखा गया है।

CATEGORIES

COMMENTS

Disqus ( )