ग्वालियर भाजपा जिला अध्यक्ष की दौड़ में अनिल चौधरी की दावेदारी मजबूत

ग्वालियर। भारतीय जनता पार्टी में ग्वालियर महानगर के जिला अध्यक्ष के लिए नेताओं की जोड़- तोड़ शुरू हो गई है। जिला अध्यक्ष बनने वाले दावेदारों ने अपने-अपने आकाओं को साधना शुरू कर दिया है ,हालांकि जिला अध्यक्ष की दौड़ में कई वरिष्ठ नेता अपनी ताल ठोक रहे है लेकिन कार्यकर्ताओं की पहली पसंद के रूप में भाजपा के वरिष्ठ नेता अनिल चौधरी को देखा जा रहा है। इसके अलावा भाजपा ग्वालियर जिला अध्यक्ष पद के दावेदारों में पूर्व जिला अध्यक्ष देवेश शर्मा का नाम भी जोरों से चल रहा है।
जो नरेंद्र सिंह तोमर के भी करीबी हैं। इसी के साथ अगर महिला जिला अध्यक्ष बनने पर वरिष्ठों की सहमति बनती है तो समीक्षा गुप्ता का नाम प्रभावशाली रूप में देखा जा रहा है। वही कार्यकर्ताओं की पहली पसंद के रूप में भाजपा नेता अनिल चौधरी को देखा जा रहा है जिनकी छवि एक संघर्षशील नेता के रूप में बनी हुई है।