Gwalior News: भांजी की शादी में आए मामा को ट्रैक्टर ने कुचला, परिजनों ने ट्रैक्टर फूंका

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर के उपनगर मुरार थाना क्षेत्र के जडे़रूआ बांध मार्ग पर सोमवार सुबह एक हृदय विदारक दुर्घटना में युवक उदय सिंह की मौत हो गई। उदय सिंह की बहन की लड़की की शादी थी। वह पिता से सामान के पैसे लेकर बाजार खरीदारी के लिए निकला था। तभी ट्रैक्टर ट्राली ने उसे जडे़रूआ गांव रोड पर टक्कर मार दी। उदय सिंह के साथ उसके दो रिश्तेदार भी मोटरसाइकिल पर बैठे थे। उन्हें मामूली चोटें आई हैं लेकिन उदय सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से भाग निकला।
इसके बाद गुस्साए लोगों ने ट्रैक्टर ट्राली में आग लगा दी और चक्का जाम कर दिया। उदय सिंह की बहन की लड़की की शादी थी एक दिन पहले ही उसके यहां भात आदि का प्रोग्राम हुआ था। ऐसे माहौल में शादी वाले घर में मातम पसर गया है। चक्का जाम की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के लोग वहां पहुंचे और उन्होंने समझाईश देकर रास्ता खुलवाने की कोशिश की।