भिण्ड: शराब के नशे में ट्रक ने मकान में घुसकर मचाया कहर, बाल-बाल बचे परिवार

भिण्ड। (इमरान अली खान की रिपोर्ट): शहर का नेशनल हाइवे 719 इन दिनों मौत का हाइवे बनता जा रहा है। आए दिन यहाँ वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही से हादसे हो रहे हैं। 10 अक्टूबर की रात्रि लगभग 9 बजे एक बड़ा हादसा हुआ, जिसमें अगर समय पर कोई मौजूद होता तो जनहानि भी हो सकती थी।
जानकारी के अनुसार, ग्वालियर की ओर से आ रहा ट्रक (एमपी 09 डीएफ 3860) चालक राजनारायण शर्मा के द्वारा शराब के नशे में तेज रफ्तार से चलाया गया। नियंत्रण खोने के कारण ट्रक सीधे एक मकान में घुस गया। हादसे में मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और पास खड़ी मोटरसाइकिल भी चकनाचूर हो गई।
खुशकिस्मती से उस समय कोई भी व्यक्ति आसपास नहीं था, इसलिए किसी की जान बच गई। पुलिस ने एक घंटे के भीतर ट्रक चालक को पकड़ा और मामला पंजीबद्ध कर कार्यवाही की।
पीड़ित मकान मालिकों रविन्द्र कुमार जोशी और अनिल कुमार जोशी से मिलने आए पूर्व कांग्रेस वरिष्ठ नेता एवं शहर अध्यक्ष डॉ. राधेश्याम शर्मा ने बताया कि हादसे के कारण मकान और दुकान को हुए नुकसान की लागत लगभग 10 से 15 लाख रुपये बताई जा रही है। उन्होंने जिला प्रशासन से अपील की है कि पीड़ित परिवार को जल्द राहत राशि प्रदान की जाए, ताकि परिवार अपनी जीविका दोबारा प्रारम्भ कर सके।
डॉ. शर्मा ने कहा, “हाइवे पर हादसों का यह सिलसिला चिंता का विषय है। मकानों और आमजन की सुरक्षा के लिए हाइवे सुधार और कड़े कदम उठाना आवश्यक है।”
