जिला जेल दतिया में विधिक साक्षरता शिविर, कैदियों से मिले प्रधान जिला न्यायाधीश

दतिया। (शाहिद कुरेशी की रिपोर्ट): राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार शुक्रवार को जिला जेल दतिया में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजीव श्रीवास्तव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
शिविर में न्यायाधीश श्रीवास्तव ने बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता, प्ली बारगेनिंग तथा अन्य कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। शिविर के उपरांत उन्होंने जिला जेल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कैदियों से भेंट कर उनका हालचाल जाना तथा जेल अधीक्षक को समय पर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने रसोईघर, खाद्यान्न भंडारण, महिला बैरक और पुरुष बैरक का अवलोकन किया। तत्पश्चात महिला बैरक में जाकर उन्होंने जेल प्रशासन द्वारा दी जा रही सुविधाओं की भी जानकारी ली।
शिविर में उपस्थित निधि पिंटो, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दतिया ने दोषसिद्ध बंदियों के अभिलेखों की जांच की। उन्होंने सुनिश्चित किया कि कोई भी ऐसा बंदी जेल में न हो जिसने अपनी संपूर्ण सजा पूरी कर ली हो। जांच में ऐसा कोई भी मामला सामने नहीं आया।
इस अवसर पर देवेश मिश्रा (मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी), जिला जेल अधीक्षक ओ.पी. पांडे एवं जेल स्टाफ मौजूद रहे।
