दतिया कलेक्टर-एसपी का जिला अस्पताल पर औचक निरीक्षण, लापरवाही पर अधिकारियों की सैलरी कटी

दतिया कलेक्टर-एसपी का जिला अस्पताल पर औचक निरीक्षण, लापरवाही पर अधिकारियों की सैलरी कटी

दतिया। (शाहिद कुरेशी की रिपोर्ट): कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े और पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा ने शुक्रवार को जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, स्टाफ उपस्थिति रजिस्टर, प्रसव पूर्व एवं प्रसव पश्चात वार्ड, आईसीयू, एमएलसीयू और पोषण पुनर्वास केंद्र की स्थिति देखी।

कलेक्टर ने पोषण पुनर्वास केंद्र में कुपोषित बच्चों की संख्या कम पाए जाने और आंगनवाड़ी केंद्रों से बच्चों को न लाए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने डीपीओ की 15 दिन और सीडीपीओ की 5 दिन की सैलरी काटने के निर्देश दिए।

इसी दौरान एक महिला ने शिकायत की कि उसकी बच्ची के 3 साल पूरे होने के बाद भी जन्म प्रमाण पत्र नहीं बना। कलेक्टर ने तुरंत जांच कराई और 10 मिनट में प्रमाण पत्र बनवाकर महिला को सौंपा। साथ ही लापरवाही बरतने पर कंप्यूटर ऑपरेटर की 2000 रुपये सैलरी काटकर रोगी कल्याण समिति में जमा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण में कलेक्टर ने यह भी कहा कि अस्पताल में 24 घंटे पीने का पानी, बिजली, साफ-सफाई और सिक्योरिटी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सिविल सर्जन को निर्देश दिए कि जिन वार्डों में भीड़ है, वहां से मरीजों को खाली पड़े वार्डों में शिफ्ट किया जाए।

कलेक्टर ने मरीजों और उनके परिजनों से भी बातचीत कर अस्पताल सेवाओं की जानकारी ली और चिकित्सकों व मेडिकल स्टाफ को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी मरीज को परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि ऐसे औचक निरीक्षण लगातार होते रहेंगे ताकि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और बेहतर हो सके।

CATEGORIES

COMMENTS

Disqus (0 )