उड़ता ग्वालियर: तेज रफ्तार कार ने तीन युवकों को रौंदा, एक की मौत

ग्वालियर। (अभिमन्यु सिंह की रिपोर्ट): शहर में एक बार फिर तेज रफ्तार वाहन ने बड़ा हादसा कर दिया। गोला का मंदिर थाना क्षेत्र स्थित धर्मवीर पेट्रोल पंप के पास देर रात कार और बाइक में जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार तीन युवक बुरी तरह घायल हो गए, जिनमें से एक की मौत हो गई, जबकि दो की हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, तीनों युवक बाइक से ग्वालियर की ओर आ रहे थे तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सड़क पर कई मीटर तक घसीटती चली गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य को गंभीर हालत में जेएएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी घायल और मृतक भिंड जिले के गोरमी क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार को जब्त कर लिया और मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी चालक की पहचान कर उसकी तलाश तेज कर दी गई है।
