सेवढ़ा पहुंचे कलेक्टर-एसपी, मौके पर ही कई समस्याओं का किया समाधान

दतिया। (शाहिद कुरेशी की रिपोर्ट): जिले के विकासखंड सेवढ़ा में मंगलवार को जिला कलेक्टर स्वप्रिल वानखड़े और पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा ने संयुक्त रूप से जनसुनवाई की।
आमतौर पर जिला स्तरीय जनसुनवाई हर मंगलवार को दतिया में होती है, लेकिन सेवढ़ा क्षेत्र के लोगों को इसमें शामिल होने के लिए करीब 70 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता है। ग्रामीणों की इस परेशानी को देखते हुए पहली बार सेवढ़ा तहसील में ही जनसुनवाई आयोजित की गई।
जनसुनवाई के दौरान कुल 190 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से कुछ का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष आवेदनों के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर वानखड़े ने विशेष रूप से स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए सीएमएचओ को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य केंद्र नियमित रूप से खुले, दवाई वितरण और टीकाकरण कार्य समय पर हो, तथा अनुपस्थित पाए जाने वाले सीएचओ और स्वास्थ्यकर्मियों पर कार्यवाही की जाए।
जनसुनवाई में वृद्धावस्था पेंशन, नामांतरण, बीपीएल सूची में नाम जुड़वाने, सड़क निर्माण, स्वच्छता व्यवस्था और खाद्यान्न वितरण जैसी समस्याओं से जुड़े आवेदन भी प्राप्त हुए। इन पर भी अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर एसडीएम सेवढ़ा अशोक अवस्थी सहित अन्य विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।
