अवैध रेत खनन पर भिंड कलेक्टर का शिकंजा, शहर में छिपाई गई तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी गईं

अवैध रेत खनन पर भिंड कलेक्टर का शिकंजा, शहर में छिपाई गई तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी गईं

भिंड. (इमरान अली खान की रिपोर्ट): जिले में रेत माफियाओं पर शिकंजा कसने के लिए प्रशासन ने शनिवार को सख्त कदम उठाए। जानकारी मिली थी कि हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी इलाके में रेत से भरी तीन ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली बिना रॉयल्टी के छिपाकर खड़ी की गई हैं। सूचना की पुष्टि होते ही कलेक्टर स्वंय मौके पर पहुंचे और वाहनों को कब्जे में लेकर नई तहसील परिसर में खड़ा कराया।

कलेक्टर की इस अप्रत्याशित कार्रवाई से रेत कारोबारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। थोड़ी ही देर में सिटी कोतवाली टीआई बृजेंद्र सेंगर और देहात थाना प्रभारी मुकेश शाक्य पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। बाद में कलेक्टर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को खनिज विभाग के सुपुर्द कर आगे की वैधानिक प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।

गौरतलब है कि हाल ही में 27 सितंबर को खाद वितरण को लेकर कलेक्टर श्रीवास्तव और विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह के बीच तीखी नोकझोंक हुई थी। उस दौरान कलेक्टर ने साफ शब्दों में चेतावनी दी थी कि जिले में अवैध रेत खनन और चोरी का खेल अब बर्दाश्त नहीं होगा।

इसी विवाद के बाद रेत माफियाओं ने भारौली, नयागांव, ककहरा और ओझा खदानों से चोरी-छिपे रेत निकालकर शहर लाने की गतिविधियां तेज कर दी थीं। लेकिन प्रशासन की इस ताजा कार्यवाही से माफियाओं को कड़ा संदेश मिल गया है कि अब अवैध कारोबार पर नकेल कसना तय है।

CATEGORIES

COMMENTS

Disqus ( )