उड़ीना गांव में बवाल: मामूली बहस ने ली खौफनाक शक्ल, अधेड़ की मौत…दो घायल

दतिया। (शाहिद कुरेशी की रिपोर्ट): गोदन थाना क्षेत्र के उड़ीना गांव में शुक्रवार शाम दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। मामूली कहासुनी बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गई। इस झगड़े में एक अधेड़ की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, गांव के अंशुल दुबे और निलेश दुबे के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई थी। विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान अंशुल के पिता संतोष दुबे गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी छाती में गहरी चोट आई। उन्हें पहले इंदरगढ़ अस्पताल और फिर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
इस घटना में अंशुल दुबे और कृष्णा दुबे भी घायल हुए हैं। दोनों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। मृतक संतोष दुबे का पोस्टमार्टम शनिवार दोपहर एक बजे किया गया।
घटना के बाद आरोपी पक्ष गांव से फरार हो गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
