ग्वालियर में कलह: पत्नी ने मोबाइल मांग पूरी न होने पर पति को जमकर पीटा, छत से दिया धक्का, बोली जान से भी मार सकती हूं

ग्वालियर। मोबाइल फोन की मांग को लेकर पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पत्नी ने पति से नया मोबाइल दिलाने की जिद की, लेकिन जब पति ने मना किया तो उसने पहले गाली-गलौज की, फिर मारपीट करते हुए एक मंजिला मकान की छत से नीचे धकेल दिया। इस हादसे में युवक का पैर टूट गया। परिजनों ने घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां प्लास्टर चढ़ाने के बाद उसे घर भेज दिया गया।
मामला चार शहर का नाका थाना क्षेत्र का है। पीड़ित युवक शिवम वंशकार (22) मूल रूप से टीकमगढ़ का रहने वाला है और ग्वालियर में किराए के मकान में पत्नी साधना के साथ रह रहा था। दोनों की शादी करीब दो साल पहले हुई थी। शिवम निजी नौकरी करता है। जानकारी के मुताबिक, साधना लंबे समय से नया मोबाइल दिलाने की जिद कर रही थी। इसको लेकर घर में अक्सर विवाद होता था।
बुधवार को जब शिवम ने कहा कि फिलहाल पैसे नहीं हैं, बाद में मोबाइल ले दूंगा, तो साधना भड़क गई। गुस्से में उसने पति को गालियां दीं और मारपीट करते हुए छत से धक्का दे दिया। गिरने से शिवम का पैर फ्रैक्चर हो गया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर साधना के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पूछताछ में साधना ने कहा कि वह घरेलू तनाव से परेशान थी और गुस्से में ऐसा कर बैठी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
