गुना में पटवारी का सिंधिया पर जोरदार तंज, जयवर्धन को बताया सगे भाई जैसा”

गुना। दतिया जाते समय बुधवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी का गुना बायपास पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर उन्होंने राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह को भाई समान बताते हुए कार्यकर्ताओं से उनके समर्थन की अपील की।
पटवारी ने हाल ही में हुई भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति को लेकर सरकार को घेरा जीतू पटवारी ने कहा कि बारिश के बाद मुख्यमंत्री और सिंधिया ने दौरा किया लेकिन लोगों की मदद नहीं कर पाए। उन्होंने कहा कि “दौरे तो हुए, लेकिन क्या पीड़ितों को 5 हजार से ज्यादा मदद मिली?” इस सवाल पर मौजूद भीड़ ने ‘नहीं’ में जवाब दिया और सरकार पर खानापूर्ति का आरोप लगाया।
पटवारी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने गुना के लोगों की मुश्किलें नहीं समझीं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि प्रदेश के काम में जयवर्धन को आगे बढ़ने दें, ताकि वे बड़ी जिम्मेदारियां निभा सकें। स्वागत के बाद पटवारी दतिया के लिए रवाना हो गए।
