दतिया कलेक्टर वानखड़े का सख्त रुख, जनसुनवाई में हर समस्या पर दिए तुरंत समाधान के निर्देश

दतिया कलेक्टर वानखड़े का सख्त रुख, जनसुनवाई में हर समस्या पर दिए तुरंत समाधान के निर्देश

दतिया। (शाहिद कुरेशी की रिपोर्ट): मध्य प्रदेश के दतिया जिले में नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से मंगलवार को न्यू कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में जनसुनवाई आयोजित की गई। इस दौरान कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े ने जिले के विभिन्न अंचलों से आए 187 से अधिक आवेदकों की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने अनिराकृत आवेदनों के लिए समय-सीमा निर्धारित कर संबंधित अधिकारियों को तय समय में समस्याओं के समाधान के आदेश भी दिए।

जनसुनवाई के प्रमुख मामले:

प्रधानमंत्री आवास योजना: ग्राम काराहार निवासी प्रतिपाल सिंह पाल ने बताया कि उसने 2018 में पीएम आवास योजना का फॉर्म भरा था, नाम सूची में होने के बावजूद अब तक आवास स्वीकृत नहीं हुआ। कलेक्टर ने सीईओ जिला पंचायत को तुरंत कार्यवाही कर आवास स्वीकृत कराने के निर्देश दिए।

खसरा ऑनलाइन कराने की समस्या: सिद्धार्थ कॉलोनी निवासी राजेन्द्र कुशवाह ने आवासीय भूमि का खसरा ऑनलाइन कराने का आवेदन दिया। कलेक्टर ने तहसीलदार दतिया को खसरा ऑनलाइन कराने के निर्देश दिए।

मारपीट और एक्स-रे रिपोर्ट विवाद: ग्राम इकारा निवासी नवल किशोर ने शिकायत की कि रिषभ, शिवम और रामकुमार ने स्कूटी से टक्कर मारने के बाद सरिया से मारपीट कर दी, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं, लेकिन अस्पताल प्रबंधन एक्स-रे रिपोर्ट नहीं दे रहा। कलेक्टर ने सीएमएचओ को तुरंत रिपोर्ट उपलब्ध कराते हुए दोषियों पर कार्यवाही के निर्देश दिए।

जमीन कब्जे की शिकायत: ग्राम भड़ौल निवासी लक्ष्मी कुशवाहा, पत्नी राधेलाल कुशवाहा, ने शिकायत की कि उनके बाड़े पर कुछ लोगों ने जबरन कब्जा कर लिया है। इस पर कलेक्टर ने तहसीलदार इंदरगढ़ को आवश्यक कार्रवाई करने के आदेश दिए।

भूमि नाप विवाद: सुनीता यादव, पत्नी संतोष यादव, निवासी खोड़न रामसागर ने बताया कि उनके पति बोल और सुन नहीं पाते हैं। उनकी अनुपस्थिति में जमीन की गलत नाप की गई। कलेक्टर ने तहसीलदार दतिया को सही नाप कराने के निर्देश दिए।

किसान सम्मान निधि: ग्राम पट्टी ततारपुर निवासी मूलचन्द्र ने पीएम किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाने संबंधी आवेदन दिया।

इसके अलावा वृद्धावस्था पेंशन, नामांतरण, बीएलएल सूची में नाम जोड़ने, सड़क निर्माण, साफ-सफाई व्यवस्था, खाद्यान्न वितरण सहित कई समस्याओं पर भी आवेदन प्राप्त हुए, जिनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों की मौजूदगी:

जनसुनवाई में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दतिया अक्षय कुमार तेम्रवाल, अपर कलेक्टर महेंद्र सिंह कवचे, संयुक्त कलेक्टर लोकेन्द्र सिंह सरल, श्रुति अग्रवाल, एसडीएम दतिया संतोष तिवारी सहित सभी जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

CATEGORIES

COMMENTS

Disqus ( )