भिंड में चंबल उफान पर: 10 गांवों में है बाढ़ का खतरा, अलर्ट जारी

भिंड। (इमरान अली खान की रिपोर्ट): मध्य प्रदेश के भिंड जिले में अटेर क्षेत्र में चंबल नदी का जलस्तर फिर तेजी से बढ़ गया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार रात 10 बजे के बाद पानी बढ़ना शुरू हुआ और रविवार सुबह तक नदी खतरे के निशान से करीब 2 मीटर ऊपर पहुंच गई। तेज बहाव के कारण मुकुटपुरा, नवली और वृंदावन मार्ग पानी में डूब गए, वहीं अटेर किले की तलहटी तक पानी पहुंच चुका है।
लगभग 8 से 10 गांव बाढ़ की चपेट में हैं जिसमें वृंदावन गांव और नवली गांव शामिल है, जिससे निचले इलाकों में हालात बिगड़ने लगे हैं। लगातार बारिश और राजस्थान की कालीसिंध व पार्वती नदियों के डैम से छोड़ा गया पानी चंबल में आकर मिल रहा है, जिससे स्थिति और गंभीर होती जा रही है।
अटेर तहसीलदार राजकुमार इम्लहे ने बताया कि नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन अलर्ट पर है। ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर जाने और सतर्क रहने की अपील की गई है।
