सिंध नदी के पास दिखा, फिर गायब! डबरा का छात्र लापता, परिजन और पुलिस में हड़कंप

दतिया। (शाहिद कुरेशी की रिपोर्ट): ग्वालियर जिले के डबरा में कोचिंग जाने के लिए घर से निकला छात्र अचानक लापता हो गया। जानकारी के मुताबिक, डबरा सिटी थाना क्षेत्र के मोदी कुंज निवासी रंजीत यादव का बेटा आदर्श यादव (उम्र लगभग 17 साल) गुरुवार शाम करीब 4 बजे कोचिंग जाने के लिए घर से निकला था।
परिजनों ने बताया कि आदर्श न तो कोचिंग पहुंचा और न ही शाम तक घर लौटा। पहले उन्होंने आस-पास खोजबीन की, लेकिन जब उसका कोई पता नहीं चला, तो डबरा सिटी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि छात्र दतिया की तरफ गया था। हाईवे पर स्थित पेट्रोल पंपों के सीसीटीवी फुटेज में भी आदर्श को दतिया रोड की तरफ जाते हुए देखा गया है।
सिंध नदी के किनारे पूछताछ के दौरान स्थानीय लोगों ने बताया कि छात्र नदी के पास से गुजरते हुए देखा गया था। फिलहाल, डबरा सिटी पुलिस और SDERF की टीम सिंध नदी में छात्र की तलाश कर रही है।
