कुश्ती से अब मेरा कोई लेना-देना नही, मेरे पास अन्य जिम्मेदारियां भी : बृजभूषण सिंह, पूर्व अध्यक्ष, भारतीय कुश्ती महासंघ

Subhash Kumar.
भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने एक बड़ा बयान दिया है। बृजभूषण शरण सिंह ने कुश्ती के खेल को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा है कि उनका अब कुश्ती से कोई लेना-देना नहीं है, उनके पास अन्य जिम्मेदारियां भी है। बृजभूषण ने कहा है कि अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में शामिल होने के लिए तैयारियां करनी है। दरअसल बृजभूषण ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की और उसके बाद ही यह टिप्पणी की है।
इसके पूर्व खेल मंत्रालय ने डब्ल्यू एफ आई को आगामी आदेश तक के लिए निलंबित कर दिया था। जिसमें निलंबन का आधार उचित प्रक्रिया का पालन किए बिना खिलाड़ियों को तैयारी के लिए बिना नोटिस दिए अंडर-15 और अंडर-20 राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं हेतु आयोजन की शीघ्रता में घोषणा करना बताया गया है। इसके साथ ही खेल मंत्रालय ने कहा है कि नई संस्था पूर्ण रूपेण पूर्व पदाधिकारियों के नियंत्रण में कार्यरत थी, जो राष्ट्रीय खेल संहिता के अनुरूप सही नहीं है।
गौरतलब है कि डब्ल्यू एफ आई के चुनाव 21 दिसंबर 2023 को संपन्न हुए थे, और इस चुनाव में बृजभूषण शरण सिंह के बेहद करीबी संजय सिंह और उनके पैनल ने अप्रत्याशित विजय हासिल की थी।

साभार गूगल
कुश्ती के खेल से जुड़े बजरंग पुनिया, विनेश फोगाट एवं साक्षी मलिक सहित देश के कई बड़े पहलवानों ने भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन भी किया था। और हाल ही में भारतीय कुश्ती महासंघ के हुए चुनाव में अध्यक्ष पद पर बृजभूषण के करीबी संजय के चुने जाने के बाद बजरंग पूनिया ने दिन शुक्रवार को अपना पद्मश्री पुरस्कार प्रधानमंत्री आवास के सामने फुटपाथ पर रख कर वापस लौटा दिया था। और इसके पूर्व गुरुवार के दिन साक्षी मलिक ने इसी बात को लेकर कुश्ती से संन्यास लेने की बात कही थी।