ग्वालियर में अंबेडकर मूर्ति विवाद: बहस के बीच CSP हिना खान ने अचानक लगाए “जय श्रीराम” के नारे

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हाई कोर्ट परिसर में डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति लगाने को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। इसी मुद्दे पर कुछ सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों द्वारा आंदोलन की मुहिम सोशल मीडिया पर चलाए जाने के बाद प्रशासन ने सख्ती अपना ली है। जिले में धारा 144 लागू कर दी गई है और बाहरी पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
पुलिस शहरभर में चेकिंग अभियान चला रही है और किसी भी तरह की भीड़भाड़ या समूह में एकत्रित होने पर रोक लगाई गई है। इसी क्रम में मंगलवार को हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट अनिल मिश्रा के समर्थक सुंदरकांड पाठ के लिए मंदिर जा रहे थे, तभी पुलिस ने बिना अनुमति के आयोजन पर रोक लगा दी। इस दौरान सीएसपी हिना खान और अनिल मिश्रा के बीच बहस हो गई।
मामला उस वक्त गर्मा गया जब अनिल मिश्रा के समर्थकों ने “जय श्रीराम” के नारे लगाए, जिसके जवाब में सीएसपी हिना खान ने भी “जय श्रीराम” कहकर माहौल को शांत करने की कोशिश की। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है।
