दतिया में अनोखी आस्था—बड़ी माता को चढ़ी 171 मीटर चुनरी, पुष्पवर्षा से गूंजे मार्ग

दतिया में अनोखी आस्था—बड़ी माता को चढ़ी 171 मीटर चुनरी, पुष्पवर्षा से गूंजे मार्ग

दतिया। (शाहिद कुरेशी की रिपोर्ट): नगर की कुलदेवी बड़ी माता विजयकाली माई के प्राकट्योत्सव अवसर पर गुरुवार को भव्य चुनरी यात्रा एवं कलश यात्रा का आयोजन किया गया। इस दौरान भक्तों ने 171 मीटर लंबी चुनरी अर्पित कर माता से सुख-समृद्धि एवं सर्वमंगल की कामनाएं कीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ गहोई वाटिका सीतासागर से विशेष पूजन-अर्चन के साथ हुआ। ज्योतिषाचार्य आचार्य पं. दिनेश पाठक जी महाराज के सान्निध्य में निकली इस यात्रा में हजारों श्रद्धालु, माताएं और बहनें शामिल हुईं। श्रद्धालु नंगे पांव हाथों में चुनरी थामे नगर के प्रमुख मार्गों—पीतांबरा चौराहा, भैरव मंदिर, छोटी-बड़ी तिगेलिया, बिहारीजी मार्ग, किला चौक, पटवा तिराहा और बड़ा बाजार होते हुए टाउनहॉल से गुजरकर बड़ी माता मंदिर पहुंचे। पूरे मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया।

यात्रा का शुभारंभ पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक दांगी बगदा एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में हुआ। मंदिर पहुंचने पर बड़ी माता विजयकाली माई को 171 मीटर लंबी चुनरी अर्पित की गई और विशेष पूजन-अर्चन के बाद प्रसादी वितरण किया गया।

इसके उपरांत मंदिर परिसर में कथा पारीक्षित श्रीमती साधना उमेश दांगी द्वारा श्री विष्णु महापुराण कथा का वाचन प्रारंभ हुआ, जो 2 से 8 अक्टूबर तक प्रतिदिन दोपहर 2 से शाम 6 बजे तक आयोजित होगी।

इस धार्मिक आयोजन में जिले सहित आसपास से आए हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आस्था और भक्ति का अनूठा संगम प्रस्तुत किया।

CATEGORIES

COMMENTS

Disqus ( )