यात्रिगण कृपया ध्यान दें: दतिया से गुजरने वाली 22 ट्रेनें रद्द, 29 का मार्ग बदला

दतिया। (शाहिद कुरेशी की रिपोर्ट): उत्तर मध्य रेलवे झांसी मंडल ने वीरांगना लक्ष्मीबाई (झांसी) स्टेशन पर बड़ा काम शुरू करने का निर्णय लिया है। प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर पुराने वॉशेबल एप्रन को हटाकर नया बैलास्टलेस ट्रैक बिछाया जाएगा। यह कार्य 25 नवंबर 2025 से 9 जनवरी 2026 तक चलेगा।
करीब डेढ़ माह तक चलने वाले इस काम का सीधा असर ट्रेनों के संचालन पर पड़ेगा। रेलवे ने जानकारी दी है कि इस दौरान 22 ट्रेनें अलग-अलग तारीखों में रद्द रहेंगी और 29 ट्रेनों का मार्ग बदला जाएगा।
महत्वपूर्ण ताज एक्सप्रेस अब झांसी से नहीं चलेगी, बल्कि ग्वालियर से शुरू होकर दिल्ली तक जाएगी। यानी नई दिल्ली से ग्वालियर तक ही यह ट्रेन डेढ़ माह तक संचालित होगी।
दतिया से होकर गुजरने वाली प्रभावित ट्रेनें
11901 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी – आगरा (26 नवंबर से 9 जनवरी)
11902 आगरा – वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी (25 नवंबर से 8 जनवरी)
11903 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी – इटावा (25 नवंबर से 8 जनवरी)
11904 इटावा – वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी (26 नवंबर से 9 जनवरी)
11078 जम्मूतवी – पुणे (24 नवंबर से 7 जनवरी)
11123 ग्वालियर – बरौनी (25 नवंबर से 8 जनवरी)
11124 बरौनी – ग्वालियर (26 नवंबर से 7 जनवरी)
यात्रियों को होगी परेशानी
रेलवे के इस फैसले से हजारों यात्रियों को दिक्कत उठानी पड़ेगी। खासतौर पर दतिया और आसपास के जिलों के लोग प्रभावित होंगे क्योंकि यहां से गुजरने वाली आधा दर्जन से अधिक ट्रेनें रद्द रहेंगी। वहीं जिन ट्रेनों का रूट बदला गया है, उन्हें पकड़ने के लिए यात्रियों को ग्वालियर या झांसी तक जाना पड़ेगा।
