भिण्ड: सब्जी मंडी में जर्जर मकान बना खतरा, नपा की अनदेखी से हादसे का मंडरा रहा डर

भिण्ड: सब्जी मंडी में जर्जर मकान बना खतरा, नपा की अनदेखी से हादसे का मंडरा रहा डर

भिण्ड।(इमरान अली खान की रिपोर्ट): शहर के बीचों-बीच स्थित वर्षों पुरानी सब्जी मंडी अपनी जर्जर हालत के कारण लोगों के लिए खतरा बनती जा रही है। नगर पालिका की अनदेखी से यहां वर्षों से कोई विकास कार्य नहीं हुआ है। हर साल करोड़ों रुपये का बजट आने के बावजूद पिछले 15 वर्षों में मंडी में सड़क, नाली और दुकान निर्माण तक नहीं कराया गया। यहां तक कि सब्जी व्यापारियों के फड़ से उठने वाला कचरा भी नियमित रूप से नहीं हटाया जाता, जिससे सड़ांध और बदबू के बीच आमजन को परेशानी झेलनी पड़ती है।

सबसे बड़ा खतरा मंडी के बीच बने एक जर्जर मकान से है, जो बारिश के दिनों में कभी भी ढह सकता है और किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। इसके बावजूद नगर पालिका आंख मूंदे बैठी है। दूसरी ओर नपा ने कुछ माह पहले मंडी के आढ़तियों को उनकी पक्की दुकानों को तोड़ने के नोटिस भेज दिए, जबकि ये दुकानें अच्छी हालत में हैं और हाल ही में मरम्मत भी कराई गई है।

नगर पालिका के राजस्व विभाग में भ्रष्टाचार की जड़ें इतनी गहरी हैं कि यहां आने वाला हर अधिकारी लाखों की गमनखोरी कर मालामाल होकर चला जाता है। पूर्व अधिकारियों के खिलाफ भी पुलिस थाने में गबन के मामले दर्ज हैं। इसके बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है।

केंद्र और प्रदेश दोनों जगह भाजपा की सरकार होने तथा स्थानीय स्तर पर भाजपा के ही प्रतिनिधि—विधायक और सांसद होने के बाद भी शहरवासी खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं। जनता सवाल पूछ रही है कि आखिर विकास कार्य कब होंगे? क्या नपा अधिकारी और जिला प्रशासन जर्जर मकान पर ध्यान देंगे या फिर किसी अनहोनी का इंतजार करेंगे?

CATEGORIES

COMMENTS

Disqus ( )