प्रेम प्रसंग से उपजी रंजिश! महिला की हत्या के बाद हथियार लेकर बैठा आरोपी, जानिए पूरा मामला

प्रेम प्रसंग से उपजी रंजिश! महिला की हत्या के बाद हथियार लेकर बैठा आरोपी, जानिए पूरा मामला

ग्वालियर। (इमरान अली खान की रिपोर्ट): शहर के रूपसिंह स्टेडियम मार्ग पर शुक्रवार दोपहर सनसनीखेज वारदात हुई। एक युवक ने दिनदहाड़े महिला को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद आरोपी मौके पर अवैध हथियार लेकर बैठा रहा और खुद को गोली मारने की कोशिश करने लगा, लेकिन ग्वालियर पुलिस की सूझबूझ और साहसिक कार्रवाई से उसे जिंदा पकड़ लिया गया।

थाना विश्वविद्यालय क्षेत्र की पुलिस को गोली चलने की सूचना मिली, जिस पर सीएसपी महाराजपुरा नागेंद्र सिंह सिकरवार और थाना प्रभारी पड़ाव आलोक सिंह परिहार तत्काल फोर्स के साथ पहुंचे। उन्होंने मौके पर खून से लथपथ महिला को पाया, जिसकी पहचान नंदिनी केबट (निवासी कैरोनाधार, दतिया) के रूप में हुई। गंभीर हालत में नंदिनी को जेएएच ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

वहीं महिला के पास ही आरोपी अरविंद परिहार (33), निवासी पिछोर, ग्वालियर देशी कट्टा लेकर बैठा था। वह पुलिस और भीड़ को भड़काने की कोशिश कर रहा था ताकि मुठभेड़ की स्थिति बने। लेकिन पुलिस ने संयम दिखाते हुए भीड़ के बीच से सुरक्षित रेस्क्यू कर आरोपी को पकड़ लिया। इस दौरान टीयर गैस सेल और बल प्रयोग करना पड़ा।

प्रेम प्रसंग और आपराधिक इतिहास से जुड़ा मामला

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मृतका नंदिनी और आरोपी अरविंद पिछले कई सालों से लिव-इन रिलेशन में रह रहे थे। दोनों ने 2023 में मुरार स्थित आर्य समाज मंदिर में शादी भी की थी, लेकिन अपने-अपने जीवनसाथियों से तलाक नहीं लिया था। बताया गया कि नंदिनी पर पहले से हत्या का केस चल रहा था और वह साढ़े चार साल जेल भी काट चुकी थी। वहीं उसने पहले भी अरविंद पर जान से मारने का आरोप लगाकर केस दर्ज कराया था, जिसमें वह जेल भी गया था।

पुलिस के अनुसार दोनों के बीच पैसों को लेकर विवाद बढ़ा और नंदिनी के अन्य लोगों से संबंधों को लेकर भी तनाव था। इसी रंजिश के चलते 12 सितंबर की शाम अरविंद ने गोली मारकर नंदिनी की हत्या कर दी।

पुलिस अधिकारियों का निरीक्षण

घटना की सूचना पर पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर जोन अरविंद सक्सेना और एसएसपी धर्मवीर सिंह भी मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए और आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों और मीडिया ने मौके पर पुलिस की बहादुरी को कैमरे में कैद किया। भीड़ की मौजूदगी के बीच जिस तरह पुलिस ने आरोपी को जिंदा पकड़ा, उसकी सराहना हर कोई कर रहा है।

CATEGORIES

COMMENTS

Disqus (0 )